सावधान! अगर आपके WhatsApp पर ग्रीन गैस कंपनी के नाम से बिल बकाया होने, मीटर अपडेट कराने या कनेक्शन की जानकारी देने का मैसेज आता है, तो बिना जांचे उस पर भरोसा बिल्कुल न करें। साइबर ठग अब इसी बहाने लोगों के मोबाइल में सेंध लगा रहे हैं। उपभोक्ताओं को कुछ रुपये बकाया होने का मैसेज भेजकर एक लिंक या APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है। लोग इसे सामान्य बिल अपडेट प्रक्रिया समझकर क्लिक कर देते हैं, लेकिन यही छोटी सी लापरवाही उनके बैंक खाते को खाली कर सकती है। आगरा में साइबर ठगों ने इसी तरीके से महज चार महीनों में 55 लाख रुपये से ज्यादा की रकम पार कर दी है।

हैरानी की बात यह है कि ग्रीन गैस कंपनी के 75 हजार से अधिक उपभोक्ता इस गिरोह के निशाने पर बताए जा रहे हैं और अब तक इस मामले में 15 से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। जांच में पता चला है कि ठगों ने उपभोक्ताओं की जानकारी जुटाने के लिए कंपनी का डाटा चोरी किया और फिर लोगों को फोन तथा WhatsApp मैसेज भेजकर अपने जाल में फंसाया। ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए दूसरे राज्यों में 60 बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया, जबकि वारदात में 12 मोबाइल नंबर भी सामने आए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कई खाते कथित तौर पर मजदूरों और कम पढ़े-लिखे लोगों को लालच देकर किराये पर लिए गए थे। वहीं, ठग शादी के निमंत्रण, गैस बिल और आरटीओ चालान जैसे नामों से APK फाइल तैयार कर लोगों तक पहुंचा रहे हैं। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल का एक्सेस अपराधियों के हाथ लग सकता है। साइबर पुलिस अब झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और केरल से जुड़े खातों और मोबाइल नंबरों की पड़ताल कर रही है। ऐसे में जरूरी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और WhatsApp पर आई APK फाइल को डाउनलोड करने से बचें।