रायपुर : - छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया के दौरान अचानक धमाका हो गया। इस हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना गुरुवार, 8 अक्टूबर की शाम भेज्जी थाना क्षेत्र में एलारमाडगु सुरक्षा कैंप के पास हुई। घायलों में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर एम.के. तिवारी, इंस्पेक्टर अमरनाथ मिश्रा, एएसआई अनीस खान और हेड कॉन्स्टेबल कुलदीप राज शामिल हैं। इनमें एम.के. तिवारी और अनीस खान को गंभीर चोटें आई हैं। धमाके के बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देकर कोंटा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल में भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
तकनीकी टीम की मौजूदगी में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, CRPF की 50वीं बटालियन की एम्युनिशन टेक्निकल टीम (ATT) जगदलपुर से कोंटा रेंज के एलारमाडगु कैंप पहुंची थी। टीम को विभिन्न सुरक्षा कैंपों का निरीक्षण करने के साथ बचे हुए और अनुपयोगी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी दौरान सुरक्षा कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपादर नाले के पास विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी। बताया गया है कि निर्धारित सुरक्षा नियमों के तहत काम के दौरान विस्फोटक का एक टुकड़ा उड़कर पास में गिरा और अचानक उसमें धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से चार जवान घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
टिप्पणियाँ (0)