रायपुर : - छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश का दौर अब भी जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिली। कुसमी में सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि चांदो में 30 मिमी और दुर्ग समेत कुछ अन्य इलाकों में 20 मिमी पानी बरसा। शुक्रवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि इसके बाद अगले दो दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। तापमान की बात करें तो राजनांदगांव 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि पेंड्रारोड में रात का तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं, मानसून की वापसी के बीच आकाशीय बिजली ने तीन लोगों की जान ले ली। बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम लखोदना गांव में खेत में काम कर रहे मन्ना यादव और कुंजराम यादव बिजली की चपेट में आ गए। वहीं, मानपुर में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर बिजली गिर गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से लौट चुका है और इसकी वापसी का सिलसिला जारी है। ऐसे में बारिश की संभावना भले ही कम हो रही हो, लेकिन गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।