रायपुर : - छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेशभर में राज्योत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 2 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन ने इन आयोजनों के लिए मुख्य अतिथियों की जिम्मेदारी तय करते हुए सूची जारी कर दी है। अलग-अलग जिलों में मंत्री, सांसद और विधायक राज्योत्सव में शामिल होंगे।

इस बार आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रमों में प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ दिया जाएगा।

जिलों में होने वाले आयोजनों के लिए जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा में रामविचार नेताम, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखनलाल देवांगन और जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को मुख्य अतिथि बनाया गया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी मंत्री, सांसद और विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। राज्योत्सव के माहौल को खास बनाने के लिए 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालयों के सरकारी भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने जिला प्रशासन को कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए हैं।