रायपुर : - चक्रवाती तूफान अर्नब का छत्तीसगढ़ में असर दिखाई देने लगा है। रायपुर समेत दर्जन भर जिलों में चक्रवात के प्रभाव से कई इलाकों में छुटपुट -रिमझिम फुहार तो कही बारिश और तेज हवाओं का चलना शुरू हो गया है। बस्तर संभाग में इस चक्रवाती तूफान ने ज्यादा कोहराम मचाया है। इससे होने वाले नुकसान की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने जिला कलेक्टर को स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का फ़रमान जारी कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को यह अधिकार दिया है, कि वे अपने जिले में मौसम की स्थिति और जरूरत के हिसाब से फैसला ले सकेंगे, आदेश सरकारी और निजी दोनों स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि प्रदेश के स्कूलों में एक साथ छुट्टी घोषित नहीं की गई है। स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव ने इस संबंध में आदेश जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग ने चक्रवात के कारण प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। ऐसे में संभावित आपात स्थिति को देखते हुए कलेक्टर अपने जिले के हालात का आकलन करें।

आदेश के मुताबिक, स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का फैसला स्थानीय परिस्थितियों और जरूरतों के आधार पर लिया जाएगा। यानी जिन जिलों में मौसम के कारण बच्चों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है, वहां कलेक्टर स्कूलों में अवकाश घोषित कर सकेंगे। हालांकि राज्य में हालात लगभग सामान्य है, समाचार लिखे जाने तक कही से भी कोई अप्रिय घटना की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल किसानों ने अपनी कटी फसल को सुरक्षित करने के लिए एड़ीचोटी का जोर लगा दिया है। शासन -प्रशासन ने हालात पर नजर बनाये रखने के लिए कई ठोस कदम उठाये है।