रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत के चलते मंगलवार शाम हवाई यातायात प्रभावित हो गया। दिल्ली और इंदौर से रायपुर आ रही इंडिगो की दो फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों में करीब 280 यात्री सवार थे, जिन्हें इस बदलाव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यानी AAI की ओर से रनवे का पैचवर्क कराया जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली से आ रही फ्लाइट रायपुर एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाती रही, लेकिन लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद उसे नागपुर भेज दिया गया। इंदौर से आने वाली फ्लाइट को भी नागपुर डायवर्ट करना पड़ा।
रनवे की मरम्मत पूरी होने के बाद रायपुर एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग दोबारा शुरू हुई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे कोलकाता से आई फ्लाइट रायपुर में उतरी। वहीं, नागपुर भेजी गई इंदौर की फ्लाइट रात 8 बजकर 50 मिनट पर रायपुर पहुंची। दिल्ली से आने वाली फ्लाइट के रात करीब 9 बजकर 10 मिनट पर पहुंचने की संभावना जताई गई थी, हालांकि खबर लिखे जाने तक इसकी लैंडिंग की पुष्टि नहीं हुई थी। अचानक फ्लाइट डायवर्ट होने से यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक किसी यात्री के घायल होने या विमान को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।
टिप्पणियाँ (0)