मथुरा : - यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से छतरपुर जा रही यात्रियों से भरी बस में राया कट पुल के पास अचानक आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख यात्रियों को खतरे का अंदेशा हुआ, लेकिन कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके बाद बस के भीतर चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। बस में करीब 40 लोग सवार थे, जिन्होंने आनन-फानन में बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को अपना सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, खजुराहो ट्रेवल्स की यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर के लिए रवाना हुई थी। शनिवार रात करीब 1:38 बजे थाना राया क्षेत्र में बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाला और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। महावन सीओ संजीव कुमार राय ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। हादसे में बस और यात्रियों का सामान जल गया, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

टिप्पणियाँ (0)