बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के टोनाटार गांव में एक 50 वर्षीय महिला का शव उसके घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के शरीर पर गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना के बाद से महिला का पति भी लापता बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के साथ ही लापता पति की तलाश कर रही है। फिलहाल वारदात से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

महिला अपने पति के साथ गांव में रहती थी। घर में काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर वे अंदर पहुंचे तो बिस्तर पर महिला का शव दिखाई दिया। आसपास खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में महिला के पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें मिली हैं। कमरे की दीवारों और फर्श पर भी खून के निशान पाए गए।

पुलिस ने मौके से भौतिक साक्ष्य एकत्र किए और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।