दुर्ग : - छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में एक महिला ने अपने ही सगे भाई की सीलबट्टे (लोढ़ा) से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में उसकी 34 वर्षीय बहन धन्नी धनकर को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह भाई की शराब पीने की आदत से पैदा हुआ पारिवारिक तनाव सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद महिला ने पुलिस को अज्ञात हमलावर द्वारा भाई की हत्या किए जाने की बात बताई थी, लेकिन पुलिस की पूछताछ में पूरा मामला खुल गया।
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को ग्राम गोड़पेण्ड्री में धर्मेन्द्र पाल का शव मिलने की सूचना पर उतई पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव की जांच में बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान मिले, जिसके बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई। शुरुआत में मृतक की बहन धन्नी ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर हमला करने का संदेह जताया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर धन्नी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने भाई पर सीलबट्टे से हमला करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी महिला की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया सीलबट्टा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने धन्नी धनकर को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ (0)