
झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ कई दिनों से चल रहा छात्रों का आंदोलन फिलहाल थम गया है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने मंगलवार को आंदोलन वापस लेने की घोषणा की। इससे पहले सोमवार को देवेंद्रनाथ गुट भी अपना आंदोलन खत्म कर चुका था। अब छात्रों ने राज्य सरकार को जांच और कार्रवाई के लिए दो महीने का वक्त दिया है। मंच का कहना है कि अगर इस अवधि में निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हुई, तो छात्र दोबारा बड़ी संख्या में रांची पहुंचेंगे और उस समय CBI जांच की मांग प्रमुख होगी।
रिफॉर्म मंच की कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन खत्म करने का फैसला लिया गया। छात्रों के मुताबिक, सरकार ने उनकी मांगों पर कदम उठाने शुरू किए हैं और कई भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। छात्रों का दावा है कि आंदोलन के दबाव के बाद 22 परीक्षाएं रद्द की गई हैं, जबकि कुछ अन्य मामलों की जांच जारी है। इसी आधार पर मंच ने फिलहाल सरकार को मौका देने का निर्णय लिया है, लेकिन साथ ही स्पष्ट कर दिया है कि दो महीने के भीतर जांच पूरी नहीं हुई तो आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।
इस बीच जिला प्रशासन ने भी आंदोलन में शामिल छात्रों से धरना स्थल खाली कर अपने घर लौटने की अपील की थी। अलग-अलग छात्र गुटों के आंदोलन खत्म करने के बाद रांची में चल रहा प्रदर्शन अब शांत हो गया है। हालांकि छात्रों ने कहा है कि सरकार की जांच और कार्रवाई पर उनकी नजर रहेगी। दो महीने बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी और अगर उन्हें कार्रवाई संतोषजनक नहीं लगी, तो छात्र फिर राजधानी में जुटकर आंदोलन शुरू कर सकते हैं।






