
महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला किया गया। बादल अपने परिवार के साथ गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने पहुंचे थे, तभी निहंग के भेष में आए एक शख्स ने उन पर कृपाण से हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी जसपाल सिंह को हिरासत में ले लिया है।
हमले में सुखबीर सिंह बादल के बाएं हाथ में चोट आने की जानकारी सामने आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं, उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी के भी घायल होने की खबर है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हमले की असली वजह पता लगाने की कोशिश जारी है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर बहस के बाद आरोपी ने कृपाण से हमला किया। इससे पहले दिसंबर 2024 में भी अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में सुखबीर बादल पर गोली चलाने की कोशिश हुई थी। उस समय सुरक्षा कर्मियों ने हमलावर नारायण सिंह चौड़ा को तुरंत पकड़ लिया था और बादल बाल-बाल बच गए थे। अब नांदेड़ की घटना ने एक बार फिर उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



