
रायपुर के कटोरा तालाब इलाके में चोरों ने एक ही रात में कई वाहन चोरी कर पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त की रात से 16 अगस्त की सुबह के बीच करीब 10 गाड़ियां अलग-अलग स्थानों से चोरी हुईं। चोरी की कुछ घटनाएं CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई हैं, जिनमें संदिग्ध वाहन ले जाते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
इसी मामले में कटोरा तालाब निवासी वाय गणेश की रॉयल एनफील्ड 350 इलेक्ट्रा भी चोरी हुई है। उन्होंने बाइक 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे घर के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन सुबह करीब 7 बजे सफाई के दौरान बाइक वहां नहीं मिली। आसपास और इलाके में तलाश करने के बावजूद जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। काले रंग की बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर CG04PA5207 है और FIR में इसकी कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने 16 अगस्त को दोपहर 3:28 बजे अज्ञात चोरों के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। अब CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। एक ही रात में कई वाहनों के चोरी होने की सूचना के बाद पुलिस आसपास के दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।






