
शिमला : – हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की 3 सितंबर सुबह 10 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 110 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 198 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हैं, जबकि 56 पेयजल योजनाओं पर भी बारिश का असर पड़ा है। सबसे ज्यादा सड़कें मंडी जिले में बंद हैं, जहां 51 मार्ग प्रभावित बताए गए हैं।

बारिश से मंडी के अलावा कुल्लू, शिमला, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा समेत कई जिलों में यातायात प्रभावित हुआ है। बिजली व्यवस्था की बात करें तो शिमला में 53, सोलन में 65, चंबा में 35 और कुल्लू में 26 डीटीआर बाधित हैं। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। वहीं 56 जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावित होने से लोगों के सामने पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई है।

मानसून सीजन के दौरान 30 जून से 2 सितंबर तक प्रदेश में आपदा से जुड़ी घटनाओं में 261 लोगों की मौत दर्ज की गई है, जबकि 471 लोग घायल हुए हैं। इस अवधि में सड़क हादसे भी बड़ी वजह रहे हैं और दुर्घटनाओं में 154 लोगों की जान गई। शिमला, सिरमौर और चंबा में सड़क हादसों से 19-19 मौतें दर्ज की गई हैं, जबकि कांगड़ा में 17 और कुल्लू में 16 लोगों की मौत हुई है। वहीं, लाहौल-स्पीति समेत कई पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अन्य आपदाओं ने भी मुश्किलें बढ़ाई हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पेयजल सेवाओं को बहाल करने में जुटा है। लगातार खराब मौसम के बीच लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।





