
राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव पुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर 21 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। भोलेनाथ सेवा समिति अंबागढ़ चौकी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।समिति पदाधिकारियों के मुताबिक, ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू ने दावा किया था कि वह 8 से 14 मई 2026 तक अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित करवाएगा। आरोपी ने समिति को भरोसे में लेकर दो किश्तों में कुल 21 लाख रुपये नकद लिए। पहली किश्त 24 फरवरी को 5 लाख रुपये और दूसरी किश्त 11 मार्च को 16 लाख रुपये दी गई।

समिति का आरोप है कि आरोपी ने विशेष रूप से पैसे नगद देने की बात कही थी। कथा आयोजन को लेकर समिति ने बड़े स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। बैनर-पोस्टर छपवाए गए, पंपलेट बांटे गए और कई जनप्रतिनिधियों सहित मंत्रियों को निमंत्रण भी भेजा गया।मामले का खुलासा तब हुआ जब टीवी चैनलों के जरिए जानकारी मिली कि 5 से 11 मई तक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा झारखंड के रांची में आयोजित है। इसके बाद समिति के सदस्य सत्यता जानने के लिए मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित गोपेश्वर धाम पहुंचे। वहां पता चला कि अंबागढ़ चौकी में कथा आयोजन के लिए कोई आधिकारिक बुकिंग या भुगतान दर्ज ही नहीं था।

समिति पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि दिनेश साहू ने झूठी जानकारी देकर उन्हें गुमराह किया और रकम हड़प ली। बाद में पैसे लौटाने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।छुरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब पैसों के लेनदेन और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।घटना सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्था और कथा आयोजन के नाम पर इस तरह की ठगी बेहद गंभीर मामला है।






