
बिहार : पटना में आज शुक्रवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। रिक्त पदों की घोषणा और जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन के दौरान हालात तब बिगड़ गए जब कुछ अभ्यर्थियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठिचार्ज कर दिया। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की सूचना है।

दरअसल, छात्र नेता ने पहले ही 8 मई को पटना कॉलेज से बड़े मार्च का ऐलान किया था। उसी के तहत बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन में शामिल हुए। अभ्यर्थियों का आरोप है कि शिक्षा विभाग लगातार तारीखें दे रहा है, लेकिन अब तक TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया।कुछ दिन पहले शिक्षा विभाग ने कहा था कि 19-20 अप्रैल तक भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई। इससे छात्रों में भारी नाराजगी है।

बीपीएससी के पुराने कैलेंडर के मुताबिक TRE-4 परीक्षा अगस्त 2024 में प्रस्तावित थी और सितंबर तक रिजल्ट जारी होना था। वहीं फरवरी में आयोग ने यह भी कहा था कि अधियाचना प्राप्त हो चुकी है और जल्द विज्ञापन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती में हो रही देरी से हजारों उम्मीदवार ओवरएज हो जाएंगे, जिसके कारण वे आवेदन करने से वंचित रह सकते हैं।




