
नई दिल्ली। ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर चर्चा के बीच अक्षय कुमार एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कॉमेडी फिल्मों में अपनी मजबूत पहचान बना चुके अभिनेता को सिर्फ इस जॉनर का स्टार नहीं, बल्कि ‘खिलाड़ी कुमार’ के नाम से भी जाना जाता है। अब अभिनेता ने अपनी लोकप्रिय ‘खिलाड़ी’ फ्रेंचाइजी को लेकर बड़ा संकेत दिया है। अक्षय कुमार ने हाल ही में बातचीत के दौरान खुलासा किया कि लगातार कॉमेडी फ्रेंचाइजी करने के बाद वह ‘खिलाड़ी’ सीरीज की एक आखिरी फिल्म लाना चाहते हैं। अभिनेता ने यहां तक बता दिया कि इस फिल्म का संभावित टाइटल भी उनके दिमाग में तैयार है, लेकिन फिलहाल उन्हें सिर्फ एक दमदार स्क्रिप्ट का इंतजार है।

क्या होगा आखिरी ‘खिलाड़ी’ फिल्म का नाम?
‘वेलकम टू द जंगल’ के प्रमोशन के दौरान दैनिक जागरण से बातचीत में अक्षय कुमार से पूछा गया कि उन्हें लंबे समय से ‘खिलाड़ी कुमार’ के नाम से पहचाना जाता है, तो क्या वह इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने के बारे में सोच रहे हैं? इस सवाल पर अक्षय कुमार ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “मैं ‘खिलाड़ी’ फ्रेंचाइजी की एक आखिरी फिल्म करना चाहता हूं। उस फिल्म का टाइटल होगा ‘आखिरी खिलाड़ी’। मुझे सिर्फ एक अच्छी स्क्रिप्ट का इंतजार है।”

‘खिलाड़ी’ नाम के साथ बना अलग ब्रांड
अक्षय कुमार ने ‘खिलाड़ी’ टाइटल के साथ कई सफल फिल्में दी हैं। इस सिलसिले की शुरुआत 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘खिलाड़ी’ से हुई थी। इसके बाद उन्होंने ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’, ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’, ‘मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी’, ‘इंटरनेशनल खिलाड़ी’, ‘खिलाड़ी 420’ और ‘खिलाड़ी 786’ जैसी फिल्में कीं। हालांकि इन फिल्मों की कहानियां अलग-अलग रहीं, लेकिन ‘खिलाड़ी’ टाइटल ने अक्षय कुमार की अलग पहचान बनाई। अब अभिनेता के इस बयान के बाद फैंस भी उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें जल्द एक ऐसी कहानी मिले, जिससे ‘खिलाड़ी’ फ्रेंचाइजी का आखिरी अध्याय बड़े पर्दे पर देखने को मिले।






