
पटना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी प्रस्तावित ‘वोट अधिकार यात्रा’ के तहत 17 अगस्त को बिहार के औरंगाबाद पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे शहर के रमेश चौक पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और इसके बाद कुटुंबा प्रखंड स्थित बभंडीह खेल मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटे हैं। लगातार बैठकों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए संगठन स्तर पर व्यापक रणनीति बनाई जा रही है। कार्यक्रम की जिम्मेदारी औरंगाबाद सांसद अभय कुशवाहा संभाल रहे हैं, जबकि छत्तीसगढ़ से आए यूथ कांग्रेस प्रभारी पुनीत सिंह पारिया लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उनके अनुसार, राहुल गांधी उन मतदाताओं से सीधे संवाद करेंगे जिनके नाम विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हटाए जाने का दावा किया जा रहा है। साथ ही यात्रा के दौरान स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र पासवान, कुटुंबा विधानसभा प्रभारी अजय तिवारी और पूर्व जिला अध्यक्ष अभिजीत कुमार सिंह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। पुनीत सिंह पारिया ने आरोप लगाया कि विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। उनका दावा है कि रोजगार के लिए बाहर रहने वाले लोगों को अनुपस्थित मानकर उनके मतदान अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने ‘वोट अधिकार यात्रा’ को राष्ट्रीय स्तर के अभियान के रूप में शुरू करने की बात कही है। यात्रा का आगाज 17 अगस्त को रोहतास के सासाराम से होगा। इसके बाद यह डेहरी और बारुण होते हुए औरंगाबाद पहुंचेगी। अगले दिन 18 अगस्त की सुबह राहुल गांधी अंबा बाजार, देव, मदनपुर और रफीगंज होते हुए गया के लिए रवाना होंगे।







