
एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत सोशल मीडिया पर अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर वह अक्सर खुलकर अपनी राय रखती हैं। अब उन्होंने सीनियर एक्टर नसीरुद्दीन शाह के एक पुराने बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, नसीरुद्दीन शाह ने पिछले महीने देशभर में हो रहे छात्र प्रदर्शनों के बीच ए-लिस्ट सेलिब्रिटीज की चुप्पी पर बात करते हुए कहा था कि बड़े सितारे तब बोलेंगे, जब उन्हें लगेगा कि बोलना जरूरी है। उन्होंने इस दौरान एक कहावत का जिक्र करते हुए कहा था कि मुंह में हड्डी होने पर कुत्ता भौंक नहीं सकता।

अब कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस बयान का जवाब दिया है। उन्होंने एक्टर पीयूष मिश्रा की टिप्पणी शेयर करते हुए नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधा। कंगना ने लिखा कि हर कोई किसी न किसी का कुत्ता है, लेकिन उन्हें गर्व है कि वह जिस घर यानी देश की रोटी खाती हैं, उसकी रखवाली करती हैं और उसके लिए लड़ती हैं। इसके बाद उन्होंने नसीरुद्दीन शाह पर तंज कसते हुए कहा कि वह देश का खाते हैं, लेकिन पड़ोसी देश के लिए लड़ते हैं। कंगना की इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

कंगना यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे लिखा कि आज के समय में कुत्ता कहलाना भी एक तरह की तारीफ है, क्योंकि वफादारी और प्यार दुर्लभ हो गए हैं। इसी के साथ उन्होंने खुद को नसीरुद्दीन शाह जैसा ‘लोमड़ी’ बनने के बजाय ‘कुत्ता’ कहलाना पसंद करने की बात कही। कंगना के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब कंगना ने किसी सामाजिक या राजनीतिक मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखी हो। उनके ऐसे बयानों पर अक्सर समर्थन और विरोध, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती हैं।




