
मथुरा : – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा में शुक्रवार को भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही जन्मस्थान परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले गो पूजन किया। इसके बाद वह भागवत भवन पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से देशवासियों के कल्याण और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में रहे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। फूलों की वर्षा होते ही श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया और पूरा परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजने लगा।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत पर अलग-अलग समय में अनेक आक्रमण हुए और देश की संस्कृति व सनातन परंपराओं को कमजोर करने के प्रयास भी किए गए। इसके बावजूद सनातन आस्था और विश्वास को कोई डिगा नहीं सका। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा से सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचता है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। जन्मस्थान की ओर जाने वाले रास्तों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में भक्तों की भीड़ जुटती रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कान्हा की जन्मभूमि पर धार्मिक आयोजनों और भक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण कृष्णमय नजर आया।




