
चंडीगढ़ : – पंजाब सरकार ने अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। उनकी जगह डीआईजी बॉर्डर रेंज हरमन बीर सिंह गिल को अमृतसर पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार हरमन बीर सिंह गिल तत्काल प्रभाव से नया दायित्व संभालेंगे, जबकि गुरप्रीत सिंह भुल्लर को डीजीपी कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह प्रशासनिक फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब हाल ही में पुलिस कमिश्नर से जुड़े एक वीडियो क्लिप को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। भाजपा के कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स पर साझा किए गए वीडियो में दावा किया गया था कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित नेटवर्क से है। हालांकि, अमृतसर पुलिस ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो क्लिप ट्रिम और एडिटेड थी तथा उसे गलत संदर्भ में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था कि गिरफ्तार आरोपी जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में शामिल थे।
पुलिस ने स्पष्ट किया था कि प्रेस वार्ता का विषय एक पकड़े गए आतंकी एवं आपराधिक मॉड्यूल का खुलासा था। जांच में सामने आया था कि आरोपियों ने जंतर-मंतर क्षेत्र की केवल रेकी की थी। पुलिस के अनुसार, इसका यह अर्थ नहीं है कि वे वहां आयोजित प्रदर्शन में शामिल थे। अमृतसर पुलिस ने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने को भ्रामक बताते हुए कहा था कि एडिटेड वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पंजाब सरकार ने गुरप्रीत सिंह भुल्लर को हटाने के पीछे कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। हालांकि, यह फैसला ऐसे समय आया है, जब वीडियो क्लिप और उससे जुड़े विवाद को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चाएं जारी हैं।






