दो पिकअप में कपड़ों के नीचे छिपा था 4.59 करोड़ का गांजा, MP ले जाते 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार …

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। नागपुर पुलिस चौकी की टीम ने करीब 919 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 59 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान छह अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को बोरियों में पैक कर कपड़ों के बड़े-बड़े गट्ठरों के नीचे छिपा रखा था। दोनों वाहनों में गांजे के 200 से अधिक पैकेट रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक यह खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्य प्रदेश के कटनी और नरसिंहपुर पहुंचाई जानी थी। आरोपी कई पुलिस नाकों को पार करने के बाद एमपी सीमा के करीब पहुंच चुके थे, लेकिन नागपुर पुलिस चौकी की टीम ने उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी अनिल टोपनो, राजीत इंदवार, विनय टेटे और अरूप मिरधा शामिल हैं। वहीं, सुनीता और बेरनी मध्य प्रदेश के कटनी की रहने वाली बताई गई हैं। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर लिया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की यह खेप ओडिशा में कहां से लाई गई थी और मध्य प्रदेश में इसे किसके हवाले किया जाना था।

About The Author