उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल: मस्जिद का हिस्सा हटाने के विरोध में पथराव, लाठीचार्ज के बाद 5 गिरफ्तार …

उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान सोमवार को तनाव की स्थिति बन गई। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ी करने के लिए शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया गया। विरोध के दौरान भीड़ और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी और पथराव शुरू हो गया।

हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। महिलाओं द्वारा किए जा रहे चक्काजाम को हटाने के दौरान क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लग गई। पुलिस ने उपद्रव और पथराव के मामले में 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि इनमें से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के नाम भी एफआईआर में शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने 2,500 से अधिक पुलिस जवानों के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को तैनात किया है। मस्जिद के जिस हिस्से को हटाया जाना है, उसे हरी नेट से ढक दिया गया है। स्थिति पर नजर रखने के लिए आईजी, कमिश्नर, कलेक्टर और एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

About The Author