रायपुर में कार रोककर कारोबारी का बैग पार, 25 हजार नकद समेत चेकबुक और जरूरी दस्तावेज चोरी …

रायपुर : – राजधानी में कार सवार कारोबारी को रोककर उसका बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। फाफाडीह ओवरब्रिज के पास दो युवकों ने कार से ऑयल गिरने की बात कहकर कारोबारी को रुकवाया। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी कार में रखा ब्राउन रंग का बैग लेकर फरार हो गए। घटना 24 सितंबर की सुबह करीब 11:40 बजे की बताई जा रही है।

नेचर सिटी अमलीडीह निवासी कारोबारी कौस्तुभ धर्माधिकारी अपनी कार से रावाभाठा स्थित ऑफिस जा रहे थे। ओवरब्रिज के पास एक युवक ने बोनट से ऑयल गिरने की बात बताई। कुछ आगे बढ़ने पर दूसरे युवक ने भी उन्हें इसी तरह की जानकारी दी। शक होने पर कारोबारी ने कार सड़क किनारे खड़ी की और सर्विस सेंटर में संपर्क किया। सर्विस सेंटर से बोनट की तस्वीर भेजने को कहा गया। कारोबारी फोटो लेने के लिए कार से नीचे उतरे, इसी दौरान आरोपियों ने बैग पर हाथ साफ कर दिया। बैग गायब मिलने पर कारोबारी ने उसकी जांच की तो उसमें 25 हजार रुपए, क्रेडिट-डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा की चेकबुक, बैंकिंग दस्तावेज, ऑफिस के कागजात और चाबियां थीं। घटना की शिकायत गंज थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

About The Author