सिक्किम में बारिश बनी आफत, रिम्बी गांव में भूस्खलन से 30 से अधिक घर प्रभावित …

गंगटोक : – पश्चिम सिक्किम के रिम्बी गांव में लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। गुरुवार रात हुए लैंडस्लाइड में पहाड़ी से खिसका मलबा रिहायशी इलाके तक पहुंच गया, जिससे 30 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं। बिजली विभाग के सरकारी क्वार्टर भी इसकी चपेट में आए हैं। राहत की बात है कि घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।

बारिश के कारण सिक्किम के कई हिस्सों में सड़क संपर्क बाधित हुआ है। प्रशासन की टीमों ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर मलबे से बंद रास्तों, कीचड़ और क्षतिग्रस्त इमारतों का जायजा लिया। कई स्थानों पर सड़कें अब भी बंद हैं। सिचे इलाके में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट सहित सार्वजनिक ढांचे को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में एहतियाती कदम भी उठाए जा रहे हैं। बारिश का पानी जमीन में अधिक न पहुंचे, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर तिरपाल बिछाए गए हैं। जिला प्रशासन ने मलबा हटाकर यातायात बहाल करने और प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। लोगों से भी लैंडस्लाइड संभावित इलाकों से दूरी बनाए रखने और रात में अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की गई है।

About The Author