
उत्तर प्रदेश के कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर 12 जून को बोरी में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने 21 दिन बाद सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान प्रयागराज के घूरपुर क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय रंजना तिवारी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि 27 फरवरी 2025 को हुई शादी के कुछ महीनों बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था।
पुलिस के अनुसार, पति कुनाल तिवारी ने कथित तौर पर उम्र को लेकर हुए विवाद के बाद पहले रंजना का गला दबाया और फिर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद शव को बोरी में भरकर सास और ससुर बाइक से खागा क्षेत्र के इस्कुरी गांव के पास सर्विस लेन किनारे फेंक आए। शव की पहचान कपड़ों और जेवरों के आधार पर परिजनों ने की।
मामले में प्रयागराज के बारा थाने में पहले से दहेज प्रताड़ना और गुमशुदगी का मामला दर्ज था। संयुक्त जांच के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास, ससुर समेत अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच प्रयागराज पुलिस करेगी और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




