
जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कारों से 552.10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.21 करोड़ रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करों की मदद के लिए रेकी कर रही एक अन्य कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, सरगुजा रेंज में चल रहे विशेष अभियान के तहत जशपुर के कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्रों में संयुक्त घेराबंदी की गई। इस दौरान उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर आ रही इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कारों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करी के दौरान पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक अलग वाहन से रेकी की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।






