
Awarapan 2 Title Track Released: इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ का बहुप्रतीक्षित टाइटल ट्रैक ‘ये आवारापन’ रिलीज हो गया है। लंबे समय से इस गाने का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं है। रिलीज के साथ ही गाना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है और दर्शकों से इसे शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। खास बात यह है कि इस ट्रैक के जरिए अरिजीत सिंह ने कई महीनों बाद बॉलीवुड प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है। उनकी भावुक आवाज और अमाल मलिक के संगीत ने इस गाने को और भी खास बना दिया है।

प्यार और जुदाई के एहसास से भरपूर है गाना
‘ये आवारापन’ एक इमोशनल रोमांटिक ट्रैक है, जिसमें प्यार, बिछड़ने का दर्द और अधूरे रिश्तों की कसक को खूबसूरती से पेश किया गया है। फिल्म ‘आवारापन’ की भावनात्मक विरासत को आगे बढ़ाते हुए यह गीत पुराने दौर की यादें ताजा कर देता है। गाने के बोल रश्मि-विराग ने लिखे हैं, जबकि इसका संगीत अमाल मलिक ने तैयार किया है। दोनों की जोड़ी ने ऐसा गीत बनाया है, जो सीधे दिल को छू जाता है।
शिवम पंडित के किरदार में लौटे इमरान हाशमी
म्यूजिक वीडियो में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं। उनका किरदार अपनी पुरानी यादों और अधूरे प्यार के दर्द के साथ जिंदगी जीता दिखाई देता है। वीडियो में वह बीते रिश्ते की यादों में खोए हुए नजर आते हैं। हालांकि, इस टाइटल ट्रैक में फिल्म की लीड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की झलक नहीं दिखाई गई है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर कई फैंस ने हैरानी भी जताई है।
14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
‘आवारापन 2’ का निर्माण विशाल फिल्म्स और मुकेश भट्ट के बैनर तले किया गया है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। फिल्म के निर्माता विशेष भट्ट हैं। स्टार कास्ट में इमरान हाशमी के अलावा दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अतुल कुमार और अनिरुद्ध रावल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।







