
रायपुर : छत्तीसगढ़ के लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए पूरे राज्य में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम में इस बदलाव के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है.

प्री-मानसून गतिविधियों के कारण पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा तापमान राजधानी रायपुर में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान दुर्ग में 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा. रायपुर और दुर्ग समेत पूरे राज्य में तापमान में गिरावट आई है.

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून तेलंगाना के भद्राचलम में 6 दिन से अटका हुआ है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं. हालांकि, मानसून अभी अपने तय समय से 3 से 7 दिन पीछे चल रहा है. मानसून के दक्षिणी छत्तीसगढ़ के बस्तर, सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में 18 से 20 जून के बीच पहुंचने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है, जिससे किसानों और आम जनता को राहत मिलेगी.राजधानी रायपुर में आज मौसम की बात करें तो आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे. आंधी और बारिश की पूरी उम्मीद बनी हुई है. शहर का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.







