
राजनांदगांव ; – छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान भिलाई निवासी मुस्कान तिवारी (24) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुस्कान अपने कुछ साथियों के साथ मनगट्टा स्थित रिसॉर्ट में ठहरी हुई थी। बताया जा रहा है कि देर रात वह बाथरूम गई थी, जहां बाद में वह बेहोशी की हालत में मिली।

सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट प्रबंधन को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद युवती को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले को और अधिक संदिग्ध बनाने वाली बात यह है कि युवती के साथ रिसॉर्ट में आए अन्य लोग सुबह होने से पहले ही वहां से चले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस युवती के साथ आए लोगों की तलाश कर रही है और उनसे पूछताछ की तैयारी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। रिसॉर्ट के कर्मचारियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।






