
रायपुर : – गुढ़ियारी के पड़ाव इलाके में गुरुवार सुबह मंदिर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाए जाने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में भगवान शिव, हनुमान जी और साईं बाबा की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हालत में मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी गई।
मामले की खबर मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी मंदिर परिसर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने घटना पर विरोध जताते हुए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रतिमाओं को किसने नुकसान पहुंचाया और घटना किस समय हुई। आसपास मौजूद लोगों से जानकारी लेने के साथ घटनास्थल से जुड़े सुराग भी जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और माहौल पर लगातार नजर रखी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संदिग्ध की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने, अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





