रफ्तार का कहर! सरिया से लदा ट्रक पलटा, 2 सगे भाइयों समेत 3 मजदूरों की मौत  

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, ट्रक वीरसिंहपुर में निर्माणाधीन पुल के लिए सरिया लेकर जा रहा था। गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास बारिश के कारण फिसलन भरी सड़क पर चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पलट गया। ट्रक की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान रविंद्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (30) के रूप में हुई है। रविंद्र और राजेंद्र सगे भाई थे और तीनों तरबगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और ट्रक का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है।

About The Author