
दुर्ग के इंदिरा मार्केट में प्रीमियम ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने SSD TRADERS में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 18 हजार नकली सिगरेट और पैकिंग सामग्री जब्त की है, जिसकी कुल कीमत करीब 2.07 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर असली कंपनी के ब्रांड नाम और पहचान का इस्तेमाल कर नकली उत्पाद तैयार करने और उसे बाजार में बेचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित SSD TRADERS में कंपनी के ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली सिगरेट बेची जा रही है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग प्रकार की करीब 18 हजार सिगरेट और पैकिंग से जुड़ी सामग्री बरामद हुई। कुछ पैकेट पर कंपनी की पहचान के साथ MRP और QR कोड भी अंकित मिले, जिससे पुलिस को प्रथम दृष्टया नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचने का संदेह है।
मामले में पुलिस ने विशाल जसवानी (36) और निखिल सिहानी (29) को गिरफ्तार किया है। दोनों दुर्ग के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट की खेप कहां से आई और इसे दुर्ग व आसपास के इलाकों में किन दुकानों तक सप्लाई किया जाना था। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4) और कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे और लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।




