
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिहारपुर थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अपने प्रेमी की तलाश में थाने पहुंची एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती का आरोप था कि उसका प्रेमी घर छोड़कर चला गया है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। जब पुलिस के आश्वासन से उसे संतुष्टि नहीं मिली, तो उसने विरोध जताने के लिए यह कदम उठा लिया।

जानकारी के मुताबिक, युवती बिहारपुर थाने पहुंची थी और पुलिस से अपने प्रेमी को जल्द तलाशने की गुहार लगा रही थी। उसका कहना था कि किसी विवाद के बाद प्रेमी घर छोड़कर चला गया है और उससे संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। युवती ने दावा किया कि वह लगातार उसे ढूंढ़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने युवती को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया और शांत रहने की समझाइश दी। लेकिन वह पुलिस की बात से संतुष्ट नहीं हुई। कुछ ही देर बाद उसने थाना परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। युवती के टावर पर चढ़ते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और युवती को लगातार समझाने की कोशिश की गई। करीब चार से पांच घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश रंग लाई। आखिरकार युवती सुरक्षित टावर से नीचे उतर आई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और युवती के दावों की भी पड़ताल की जाएगी।






