
इंडोनेशिया। देश के तट के पास शनिवार तड़के आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से कई इमारतें और मकान ढह गए। हादसे में अब तक कम से कम 38 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। तेज झटकों के चलते कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:58 बजे फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में था। भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। सबसे ज्यादा नुकसान सिक्का, मंग्गाराई और पूर्वी मंग्गाराई इलाकों में बताया गया है। राहत और बचाव दल ने मलबे से 38 शव बरामद किए हैं, जबकि 13 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर है।

भूकंप के बाद करीब 2,000 ग्रामीणों ने अपने घर खाली कर अस्थायी आश्रयों में शरण ली है। राहत और बचाव अभियान के लिए तीन हेलीकॉप्टर और एक बचाव जहाज तैनात किया गया है। भूकंप के कारण कई इलाकों में बिजली और संचार व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं। एंडे इलाके में भूस्खलन के कारण ट्रांस-फ्लोरेस हाईवे भी बंद हो गया है। अस्पतालों से भी मरीजों को एहतियातन बाहर निकालकर खुले स्थानों पर इलाज की व्यवस्था की गई है।



