
बेंगलुरु। कर्नाटक में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के तहत नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि पूर्व गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। उनके साथ 12 विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेकर राज्य मंत्रिमंडल में शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा और जनता दल (सेक्युलर) के प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा से भेंट कर उनका आशीर्वाद और शुभकामनाएं प्राप्त कीं। साथ ही शपथ लेने वाले विधायकों के साथ भी चर्चा की।राजनीतिक गलियारों में नई सरकार के मंत्रिमंडल गठन और विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण के बाद सरकार अपनी प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाने की दिशा में काम शुरू करेगी।
नई सरकार के गठन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वहीं राज्य की जनता भी नई सरकार के फैसलों, नीतियों और मंत्रिमंडल के गठन पर नजर बनाए हुए है।





