
नेपाल : – तिब्बत से अचानक आए बाढ़ के पानी ने रसुवा जिले में भारी तबाही मचा दी है। भोटेकोशी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाके में घरों, बाजारों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। तेज बहाव में वाहन और सामान बह गए, जबकि एक पुल भी टूट गया। टिमुरे बॉर्डर पोस्ट पर तैनात 9 पुलिसकर्मियों के लापता होने की सूचना है।

बाढ़ की चपेट में एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट भी आ गया, जबकि चिलिमे जलविद्युत परियोजना समेत अन्य परियोजनाओं को नुकसान पहुंचने की खबर है। टिमुरे का हेलिपैड भी बाढ़ में बह गया, जिसके कारण राहत के लिए पहुंचा हेलिकॉप्टर उतर नहीं सका। अधिकारियों को आशंका है कि तिब्बत में किसी ग्लेशियल झील के फटने से अचानक पानी भोटेकोशी नदी में आया होगा। इसकी पुष्टि के लिए तकनीकी जांच और सैटेलाइट तस्वीरों का सहारा लिया जा रहा है।

नेपाल में बाढ़ के खतरे को देखते हुए बिहार के 8 जिलों—पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर—में हाई अलर्ट जारी किया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जताई है। नेपाल में फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और जान-माल के नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।







