
मुंबई : सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक मार्च में शादी करने वाले हैं। महीनों की अटकलों के बाद, यह जोड़ा आखिरकार एक-दूसरे के साथ सात फेरे लेगा। अर्जुन ने पिछले अगस्त में सानिया के साथ सगाई की थी। सानिया एक जाने-माने बिजनेस परिवार से हैं और पेट केयर बिजनेस में भी सक्रिय हैं।

अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी की शहनाई मार्च में बजने वाली है। यह खबर महीनों से चल रही अटकलों पर विराम लगाती है। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन, जो क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं इस खास मौके पर अपनी मंगेतर सानिया चंडोक के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे। इस जोड़े ने पिछले साल अगस्त में एक अंतरंग समारोह में सगाई की थी जिसमें करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए थे।

कौन है सानिया चंडोक ?
सानिया चंडोक मुंबई के एक प्रतिष्ठित बिजनेस घराने से ताल्लुक रखती हैं। वह मशहूर उद्योगपति रवि घई की पोती हैं, जो ग्रेविस ग्रुप के प्रमुख हैं। यह ग्रुप फूड और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में एक बड़ा नाम है और भारत में ब्रुकलिन क्रीमेरी और बास्किन रॉबिंस जैसे आइसक्रीम ब्रांड्स का मालिक है। सानिया खुद भी उद्यमिता में सक्रिय हैं। कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के रिकॉर्ड के अनुसार वह मिस्टर पॉज पेट स्पा एंड स्टोर एलएलपी में डेजिग्नेटेड पार्टनर और डायरेक्टर के तौर पर काम करती हैं। यह कंपनी पालतू जानवरों की देखभाल और रिटेल से जुड़ी है।







