
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप ने बुधवार को अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत कर दी। वाराणसी में उन्होंने अपनी मंगेतर अक्षिता राज के साथ सात फेरे लेकर शादी रचा ली। काशी की पावन धरती पर आयोजित इस भव्य समारोह में खेल, राजनीति और मनोरंजन जगत की कई नामी हस्तियां शामिल हुईं और नवदंपति को शुभकामनाएं दीं।

शिव मंदिर थीम पर सजा विवाह मंडप
आकाशदीप और अक्षिता की शादी वाराणसी के Taj Ganges में संपन्न हुई। विवाह मंडप को शिव मंदिर थीम पर सजाया गया था, जिसने समारोह को खास आध्यात्मिक और भव्य स्वरूप दिया। शादी में करीब 300 मेहमान शामिल हुए। सुरक्षा के मद्देनजर मेहमानों की एंट्री QR कोड स्कैनिंग के जरिए की गई।

पारंपरिक अंदाज में नजर आए दूल्हा-दुल्हन
शादी के मौके पर आकाशदीप क्रीम रंग की शेरवानी, साफा और लाल दुपट्टे में बेहद आकर्षक दिखे। वहीं अक्षिता राज लाल रंग के खूबसूरत लहंगे में नजर आईं। दोनों का पारंपरिक लुक समारोह का मुख्य आकर्षण बना रहा।

बारात में जमकर नाचे आकाशदीप
बारात के दौरान बैंड-बाजे और डीजे की धुनों पर आकाशदीप ने जमकर डांस किया। उनके साथ परिवार और दोस्तों ने भी शादी की खुशियों का भरपूर आनंद लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच द्वार पूजा और अन्य रस्में पूरी की गईं, जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई।

पवन सिंह ने दी शुभकामनाएं
समारोह में भोजपुरी इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक और अभिनेता Pawan Singh भी पहुंचे। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और शादी समारोह की रौनक बढ़ाई।






