
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला खैरवार पारा, बोड़सरा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो में स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक और शिक्षिका की आपत्तिजनक स्थिति दिखाई देने का दावा किया गया है। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने संज्ञान लेते हुए जांच के लिए टीम गठित की। जांच में मामला सही पाए जाने पर विभाग ने संबंधित शिक्षक और शिक्षिका को अलग-अलग बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया है।
सरकारी स्कूल से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अभिभावकों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी होती है, यदि वही मर्यादा का पालन न करें तो यह गंभीर चिंता का विषय है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई गई, जिसमें मामला सही पाया गया है। इसके बाद शिक्षक को नवागढ़ शिक्षा कार्यालय और शिक्षिका को अकलतरा ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है। आगे की विभागीय कार्रवाई प्रक्रिया में है।






