महतारी वंदन योजना को लेकर बड़ी अपडेट: फिर जुड़ेंगे नए नाम, जल्द खुलेगा पोर्टल  

रायपुर। महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा खोलने जा रही है, जिससे अब तक पंजीयन नहीं करा सकीं पात्र विवाहित महिलाओं को आवेदन का अवसर मिल सकेगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री Lakshmi Rajwade ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री की अनुमति मिल चुकी है और अगले एक सप्ताह के भीतर पोर्टल शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मंत्री के अनुसार, पंजीयन प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी। सबसे पहले बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा, इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी आवेदन और पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य उन पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाना है, जो किसी कारणवश अब तक आवेदन नहीं कर सकीं या योजना में उनका नाम शामिल नहीं हो पाया।

गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार में उनकी भूमिका को मजबूत करना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। पोर्टल शुरू होने के बाद पात्र महिलाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। सरकार का प्रयास है कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचाया जा सके।

About The Author