डॉक्टरों की मांग पर शासन का फैसला, बढ़ा स्टाइपेंड, IMA ने CM और स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंटर्न और रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शासन ने डॉक्टरों के स्टाइपेंड में महत्वपूर्ण वृद्धि का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद प्रदेशभर के मेडिकल इंटर्न और PG डॉक्टरों में खुशी का माहौल है। IMA, IMA-MSN और IMA-JDN की ओर से 14 जून से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे थे।स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर डॉक्टर संगठनों ने संबंधित विभागों और मंत्रालय के अधिकारियों से लगातार संवाद किया।

लेटर सबमिशन से लेकर फाइल के फॉलो-अप और शासन स्तर पर मुलाकातों तक, विभिन्न माध्यमों से मांग को प्रमुखता से रखा गया। IMA का कहना था कि डॉक्टरों की मांग का समाधान बातचीत और सकारात्मक प्रक्रिया के जरिए हो, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर किसी तरह का असर न पड़े और आम मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े।इस अभियान में IMA-MSN छत्तीसगढ़ के कन्वीनर शाहदिल खुसरू और IMA-JDN के कन्वीनर डॉ. प्रशांत अनप्पू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में दोनों संगठनों की टीम ने लगातार शासन के समक्ष स्टाइपेंड वृद्धि का मुद्दा उठाया और फाइल के स्तर पर फॉलो-अप जारी रखा।

संगठन का कहना है कि यह निर्णय डॉक्टरों की एकजुटता, निरंतर संवाद और सामूहिक प्रयासों के बाद सामने आया है।IMA की ओर से इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार जताया गया है। संगठन के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई चर्चाओं और मिले आश्वासन के बाद स्टाइपेंड वृद्धि के रूप में इसका परिणाम सामने आया है। इस फैसले को प्रदेश के इंटर्न और रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है।

About The Author