छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड धारकों के लिए जरूरी खबर, 3 दिन में e-KYC नहीं कराया तो रुक सकता है राशन …

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में राशन कार्ड से जुड़े हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी और आधार सीडिंग पूरा करना जरूरी हो गया है। जिन परिवारों के सदस्यों का सत्यापन अब तक नहीं हुआ है, उन्हें खाद्य विभाग ने अंतिम मौका देते हुए 28 से 30 सितंबर तक विशेष सेवा सेतु कैंप लगाने का फैसला किया है। राशन दुकानों पर सर्वर की समस्या, बायोमैट्रिक में अंगूठे का निशान मैच नहीं होने और मोबाइल नंबर लिंक न होने जैसी तकनीकी दिक्कतों के कारण कई हितग्राहियों की e-KYC लंबित है। इसी को देखते हुए विभाग ने विशेष शिविरों में सत्यापन की व्यवस्था की है।

कैंप में e-KYC से लेकर आधार सीडिंग तक होंगे काम

28 से 30 सितंबर तक बिलासपुर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभाकक्ष और सभी विकासखंडों के जनपद पंचायत कार्यालयों में विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। यहां तकनीकी टीम ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर अपडेट करने में मदद करेगी। जरूरत पड़ने पर आइरिस स्कैन और OTP के जरिए भी सत्यापन किया जाएगा। साथ ही वन नेशन-वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और उज्ज्वला योजना से जुड़े लंबित आवेदनों का भी निराकरण किया जाएगा। हितग्राहियों को शिविर में राशन कार्ड, परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और नए नाम जोड़ने की स्थिति में संबंधित दस्तावेज साथ लाने होंगे।

About The Author