रायपुर में पत्नी और 2 बच्चों की हत्या, वारदात के बाद पति ने खुद को भी चाकू मारा; शक बना वजह …

रायपुर के डूमरतराई इलाके में शनिवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक, भुनेश्वर साहू (34) ने कथित तौर पर विवाद के दौरान अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू और दो नाबालिग बच्चों आशीष (10) व ज्ञान (8) पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को वारदात की एक वजह बताया जा रहा है।

आरोपी बालोद जिले का रहने वाला है और डूमरतराई के साहू पारा में किराए के मकान में रहता था। घटना की जानकारी सुबह पड़ोसियों को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को हिरासत में लेकर अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस वारदात की पूरी वजह, घटना का क्रम और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

About The Author