
हैदराबाद : – साउथ अभिनेता यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज कार्यक्रम के दौरान हैदराबाद में हादसा हो गया। मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान साउंड सिस्टम का एक हिस्सा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ लगातार मंच के करीब पहुंच रही थी। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों की ओर से लोगों से पीछे रहने की अपील की जा रही थी। सामने आए वीडियो में कुछ लोगों को कार्यक्रम स्थल पर बनी संरचनाओं और साउंड सिस्टम को सहारा देने वाले पोल के आसपास चढ़ते हुए देखा गया। इसी बीच साउंड सेट-अप का हिस्सा नीचे गिर गया। हादसे की जानकारी मिलते ही यश ने अपनी स्पीच रोककर स्थिति के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों से घायलों की मदद करने को कहा। स्थिति सामान्य होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने दोबारा अपना संबोधन शुरू किया।

यश की ‘टॉक्सिक’ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है। फिल्म में यश के साथ नयनतारा भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसकों के पहुंचने के कारण सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा में रही।







