
रायपुर : – रायपुर के नवा रायपुर स्थित नकटी गांव की ब्लू वाटर खदान में डूबे 24 वर्षीय आदिल खान का शव करीब 77 घंटे बाद बरामद किया गया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद SDRF और NDRF की टीमों ने उसे बाहर निकाला। आज आदिल के पोस्टमार्टम की कार्यवाही कर शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा। उधर 24 वर्षीय नवयुवक की असमय मौत से इलाक़े में मातम छाया हुआ है। मौज़ – मस्ती के हादसे में तब्दील होने के मामले ने लाखों परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। ब्लू वाटर झील इलाक़े में सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नहीं है। जबकि इसके इर्द – गिर्द की सैकड़ों एकड़ सरकारी भूमि पर कांग्रेस के नेताओं बिल्डरों और अन्य भू – माफियाओ का बेजा कब्ज़ा बताया जा रहा है।

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के बाद से ही आदिल के परिजन और स्थानीय लोग उसके मिलने का इंतजार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आदिल की तलाश के लिए कई घंटों तक गहरे पानी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। लगातार तीन दिनों की मशक्कत के बाद शनिवार देर शाम उसका शव पानी की सतह पर मिला। हादसे के बाद ब्लू वाटर खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।





