
रायपुर में एक बार फिर सोशल मीडिया पर कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल होने से हलचल मच गई है। वायरल पोस्टर में ₹4,999 एंट्री फीस के साथ एक निजी स्थान पर पार्टी आयोजित किए जाने का दावा किया गया है। पोस्टर में सीमित मेहमानों की एंट्री और मॉडल्स व एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन जैसे दावे भी किए गए हैं। पोस्टर सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वायरल पोस्टर में दावा किया गया है कि पार्टी में सीमित संख्या में लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। पोस्टर के मुताबिक, एंट्री फीस जमा करने के बाद आयोजन स्थल की जानकारी साझा की जाएगी। हालांकि, पोस्टर में आयोजन की स्पष्ट लोकेशन और आयोजकों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस अब वायरल पोस्टर की प्रामाणिकता और इसके पीछे मौजूद लोगों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। साइबर टीम यह जांच कर रही है कि पोस्टर सबसे पहले किस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अकाउंट से सामने आया और इसे किन-किन माध्यमों से फैलाया गया। साथ ही प्रस्तावित आयोजन के लिए किसी तरह की अनुमति ली गई है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

कथित आयोजन को लेकर बजरंग दल की ओर से भी आपत्ति जताई गई है। संगठन का कहना है कि रायपुर में पहले भी इस तरह के आयोजनों से जुड़े पोस्टर सामने आ चुके हैं। संगठन ने कहा है कि यदि ऐसा कोई आयोजन होता है, तो वह इसका विरोध करेगा। पदाधिकारियों ने प्रशासन से समय रहते मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस वायरल पोस्टर की सत्यता, आयोजकों की पहचान और प्रस्तावित आयोजन से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्टर वास्तव में होने वाली किसी पार्टी से जुड़ा है या महज प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर साफ हो पाएगी।

सूत्रों द्वारा दावा किया जा रहा है कि इस तरह की पूल पार्टी का यह तीसरा आयोजन है। उनके मुताबिक बुकिंग स्कैनर में इच्छुक ग्राहक पहले पार्टी में शामिल होने की सहमति प्रदान करते हुए 4999 रुपए का E – PAYMENT करवाते है। इसके उपरांत आयोजक चिन्हित ग्राहक को मोबाईल लोकेशन के जरिये आयोजन स्थल की जानकारी प्रदान करते है। इसे गोपनीय रखने का हवाला भी दिया जाता है। यह भी बताया जाता है कि इस शुल्क में भोजन के साथ शराब का बखूबी इंतजाम किया जाता है। जबकि अन्य नशीली वस्तुओं के लिए पृथक से भुगतान सुनिश्चित करना होता है। दिलचस्प बात यह है कि इस पूरी कवायद में डिजिटल भुगतान पर ही जोर दिया जाता है। फ़िलहाल तीसरी बार आयोजित पूल पार्टी की बुकिंग जोरो पर है। Gen Z से लेकर नौजवान तबका इसमें शामिल होने के लिए मुँह मांगी रकम देने को तत्पर नजर आ रहा है। उधर आयोजक भी मोटी कमाई के चलते सावधानी पूर्वक इस गोरखधंधे को हवा दे रहे है।




