
15 अगस्त से पहले पंजाब में बड़े आतंकी हमले की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर देहात पुलिस ने आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक ऑपरेटिव सतबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.3 किलो हाई एक्सप्लोसिव IED और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, समय रहते कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर गांव ढंडौर के पास नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। उसके बैग से बरामद IED में लोहे के छर्रे और बॉल बेयरिंग भरे थे, जिससे साफ है कि इसे अधिकतम नुकसान पहुंचाने के लिए तैयार किया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी विदेश में बैठे आईएसआई समर्थित बीकेआई हैंडलरों के संपर्क में था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, स्थानीय मददगारों, विस्फोटक की सप्लाई चेन और संभावित निशाने की जांच कर रही है। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर पूछताछ जारी है।






