
कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली-ऋषिकेश रूट में बड़ा बदलाव
कांवड़ यात्रा को देखते हुए दिल्ली से ऋषिकेश के लिए नया रूट तय किया गया है। अब उत्तराखंड रोडवेज की बसें देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे से होकर चलेंगी। नई व्यवस्था 30 जुलाई से लागू होने की तैयारी है। पहले ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाली बसें करनाल के रास्ते चलती थीं, जिसमें करीब 10 घंटे लगते थे। नए रूट से सफर करीब 4 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है, यानी यात्रियों के करीब 6 घंटे बचेंगे।

किराए में भी राहत मिलेगी। किराया 535 रुपये से घटकर 430 रुपये हो जाएगा, यानी प्रति यात्री 105 रुपये की बचत होगी। कांवड़ मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए बस संचालन में भी बदलाव किया गया है। कानपुर, लखनऊ, टनकपुर और रुपेड़िया जाने वाली बसें हरिद्वार के गौरी शंकर अस्थायी बस अड्डे से चलेंगी। वहीं ऋषिकेश-हरिद्वार यात्रियों के लिए मोतीचूर में अस्थायी बस अड्डा बनाया जाएगा।





