
कोटा: राजस्थान के कोटा में शुक्रवार दोपहर एक बॉयज हॉस्टल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ मेस में घुस आया। सबसे पहले खाना बना रहे कुक की नजर मगरमच्छ पर पड़ी, जिसके बाद वह तुरंत बाहर भाग गया। घटना कोरल पार्क के पास स्थित हॉस्टल की बताई जा रही है। मेस में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ, जिसमें मगरमच्छ सीढ़ियों से होते हुए अंदर आता दिखाई दे रहा है। उसे देखकर छात्र और कर्मचारी घबरा गए, जबकि कुछ लोगों ने डंडों की मदद से उसे बाहर निकालने का प्रयास किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मगरमच्छ पास के नाले से निकलकर हॉस्टल परिसर में पहुंचा था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे चंबल नदी में छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से कोई जनहानि नहीं हुई और छात्रों व हॉस्टल स्टाफ ने राहत की सांस ली।






