
उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी तराई तक कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। बारिश के चलते कई इलाकों में दिन का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। सबसे ज्यादा 70 मिमी बारिश सोनभद्र में दर्ज की गई, जबकि ललितपुर, प्रयागराज और मिर्जापुर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। बरेली, मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर और पीलीभीत सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और फिरोजाबाद समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वी यूपी में फिलहाल बारिश कुछ धीमी रह सकती है, लेकिन 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने के आसार हैं।

राजधानी लखनऊ में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। दिनभर बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। वहीं, 10 जुलाई के बाद लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम मानसूनी बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।







